अल्मोड़ा। धौलछीना थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मंगलता में रविवार को एक व्यक्ति ने पड़ोसियों पर लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग कर दी, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार अर्जुन सिंह पड़ोस के मकान में छत डालने के लिए मिस्त्री को लेकर गए थे। छत दिखाकर जैसे ही वे सड़क पर लौटे, तभी पड़ोसी राजू (55) उर्फ राजेंद्र सिंह नेगी गाली-गलौज करने लगा। शोर सुनकर अर्जुन की पत्नी दीपा देवी और पुत्र मनजीत सिंह भी मौके पर पहुंच गए और उसे समझाने का प्रयास किया। आरोप है कि इसी दौरान राजू घर के भीतर गया और लाइसेंसी बंदूक लेकर वापस लौटा तथा अर्जुन सिंह और उनके परिवार पर फायर झोंक दिया।

फायरिंग में तीनों को छर्रे लगने से गंभीर चोटें आईं। घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भैंसियाछाना ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल अल्मोड़ा रेफर कर दिया गया।

थानाध्यक्ष सुनील सिंह बिष्ट ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर उसके कब्जे से प्रयुक्त कारतूस और खोखा बरामद कर लिया गया है। एसएसपी चंद्रशेखर आर घोडके ने बताया कि आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 109(1) और 352 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है।