देहरादून। देहरादून स्थित दून अस्पताल की ओपीडी बिल्डिंग की सीलिंग के अंदर शनिवार सुबह अचानक आग लगने से अस्पताल परिसर में अफरातफरी मच गई। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और किसी प्रकार का बड़ा नुकसान नहीं हुआ।

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 10 बजे ओपीडी की पहली मंजिल पर महिला एवं प्रसूति रोग विभाग में रोज की तरह मरीजों का पंजीकरण किया जा रहा था। इसी दौरान काउंटर के अंदर मौजूद कर्मचारियों को सीलिंग के भीतर से शॉर्ट सर्किट होने का अंदेशा हुआ। जब उन्होंने सीलिंग के एक हिस्से से अंदर देखा तो वहां से आग की लपटें उठती दिखाई दीं। इसके बाद कर्मचारियों ने तुरंत फायर फाइटर्स, सुरक्षाकर्मियों और अस्पताल प्रशासन को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही बिजली का कनेक्शन तुरंत काट दिया गया और बड़ी संख्या में फायर फाइटर्स मौके पर पहुंच गए। दमकल कर्मियों ने सूझबूझ के साथ करीब 15 मिनट में आग पर काबू पा लिया। बताया जा रहा है कि जहां आग लगी थी वहां सीलिंग के अंदर एसी के कंडेनसेशन के कारण पानी का रिसाव हो रहा था, जिससे शॉर्ट सर्किट होने की संभावना जताई जा रही है।

घटना के दौरान पंजीकरण काउंटर के बाहर खड़े मरीजों को तुरंत नीचे भेज दिया गया और उस क्षेत्र में मरीजों की आवाजाही रोक दी गई। उस समय अस्पताल में एक हजार से अधिक मरीज मौजूद थे।

गौरतलब है कि दून अस्पताल में आग लगने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी अस्पताल के रेडियोलॉजी विभाग और पुरानी बिल्डिंग के पास स्थित कैंटीन में आग लगने की घटनाएं हो चुकी हैं। बताया जा रहा है कि पिछले छह महीनों में अस्पताल में दस से अधिक आग लगने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

राजकीय दून मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. गीता जैन ने बताया कि आग पर तुरंत काबू पा लिया गया था। घटना के कारणों की जांच की जा रही है और अस्पताल में सभी बिजली के तारों की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।