प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि जो लोग भारत में रहेंगे, उन्हें “वंदे मातरम्” कहना होगा, इसमें कोई दो राय नहीं है। प्रयागराज पहुंचे डिप्टी सीएम ने मीडिया से बातचीत में केंद्र और राज्य सरकार के बजट को “शानदार” बताते हुए कहा कि इससे प्रदेश में रोजगार की संभावनाएं तेजी से बढ़ेंगी।

मौर्य ने कहा कि बजट के जरिए ऐसी व्यवस्था की गई है जिससे प्रदेश का युवा केवल रोजगार पाने वाला ही नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला भी बनेगा। उन्होंने दावा किया कि देश की जानी-मानी कंपनियां भारत, विशेषकर उत्तर प्रदेश में निवेश करने के लिए उत्सुक हैं। इसके पीछे राज्य में विकसित रेल, हवाई और सड़क यातायात नेटवर्क को प्रमुख कारण बताते हुए उन्होंने कहा कि इससे वैश्विक उद्योगपतियों को उत्तर प्रदेश में अपार संभावनाएं दिखाई दे रही हैं।

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए मौर्य ने कहा कि बिहार चुनाव में राजद की हार के बाद उनकी सत्ता में आने की उम्मीदें धूमिल हो गई हैं, जिससे वे अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा शासनकाल में माफिया का बोलबाला था, अपराधी थानों का संचालन करते थे और आतंकवादियों के मुकदमे वापस लिए जाते थे। मौर्य ने यह भी कहा कि उस दौरान पिछड़े वर्गों का दमन हुआ और उनकी जमीनों पर गुंडों व माफियाओं ने कब्जा किया।

उप मुख्यमंत्री ने दावा किया कि जनता ने इन्हीं कारणों से सपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाया और वर्ष 2027 में प्रदेश में फिर से भाजपा की सरकार बनेगी।