चंपावत। चंपावत जिले के बिस्ज्यूला क्षेत्र अंतर्गत खर्कबगड़ गांव में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज हत्या की घटना सामने आई। पूर्व कांग्रेस विधायक हेमेश खर्कवाल के भाई 83 वर्षीय अंबादत्त खर्कवाल की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गांव का ही निवासी 38 वर्षीय सुभाष खर्कवाल शनिवार सुबह करीब 11 बजे दराती और फावड़ा लेकर अंबादत्त खर्कवाल के घर पहुंचा। उस समय बुजुर्ग अपने आंगन में मौजूद थे। आरोपी ने अचानक उन पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस और ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है और हाल के दिनों में उसके व्यवहार में असामान्य बदलाव देखे गए थे। ग्रामीणों ने बताया कि दो दिन पहले उसने मृतक के घर के बाहर रखे मधुमक्खी पालन बॉक्स को तोड़कर उसमें जमा शहद खा लिया था। हत्या के पीछे की स्पष्ट वजह अभी सामने नहीं आ सकी है।
इस घटना से गांव में भय और शोक का माहौल है। आरोपी सुभाष खर्कवाल के दो मासूम बच्चे हैं, जिनकी मां की दो साल पहले संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो चुकी थी। पिता की इस वारदात के बाद दोनों बच्चे अब बेसहारा हो गए हैं।
कोतवाल बची सिंह बिष्ट ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटना के पीछे के कारणों और मानसिक स्थिति से जुड़े तथ्यों की भी जांच कर रही है।
