रुद्रपुर। उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर से एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां खुले मैदान में अकेले इबादत कर रहे एक बुजुर्ग के साथ मारपीट और बदसलूकी किए जाने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में तनावपूर्ण माहौल बन गया है। हालांकि, *हिन्दुस्तान* वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।
पीड़ित शाहिद, निवासी रेशमबाड़ी, ने सिडकुल चौकी पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह एक धार्मिक परिसर के पास स्थित मेला स्थल के मैदान में शांतिपूर्वक नमाज अदा कर रहे थे। इसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंचे और बिना किसी उकसावे के उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
शाहिद का आरोप है कि उन्हें लात-घूंसों से पीटा गया, गाली-गलौज की गई और बुजुर्ग होने के बावजूद उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने उन पर जबरन विशेष धार्मिक नारे लगाने का दबाव बनाया, जबकि एक युवक पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड करता रहा।
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। मंगलवार को यूथ कांग्रेस से जुड़ी सोफिया नाज और पार्षद परवेज कुरैशी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग सिडकुल चौकी पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
उधम सिंह नगर के एसएसपी अजय गणपति ने मामले का संज्ञान लेते हुए बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले की गहन जांच की जा रही है। आरोपी पक्ष का दावा है कि उक्त भूमि उनकी निजी संपत्ति है और वे पहले भी वहां नमाज पढ़ने का विरोध कर चुके हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है।
एहतियात के तौर पर इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और लोगों से अपील की गई है कि वे भ्रामक जानकारी साझा न करें, ताकि सांप्रदायिक सौहार्द बना रहे।
