देहरादून। देहरादून के नानुरखेड़ा स्थित शिक्षा निदेशालय में शुक्रवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब अशासकीय विद्यालयों से जुड़े विवाद के दौरान प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल पर कुछ लोगों ने कथित रूप से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में निदेशक के चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आईं, जबकि उनका चश्मा भी टूट गया। घटना के बाद उन्हें तुरंत उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, अशासकीय विद्यालय प्रबंधन से जुड़े कुछ सदस्य अपनी मांगों को लेकर शिक्षा निदेशालय पहुंचे थे। इस दौरान निदेशालय के कर्मचारियों और विद्यालय प्रबंधन के प्रतिनिधियों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते तीखे विवाद में बदल गई। विवाद बढ़ने पर कुछ लोगों ने निदेशक पर हमला कर दिया। घटना के समय उमेश शर्मा काऊ भी मौके पर मौजूद बताए जा रहे हैं, जो कथित रूप से प्रबंधन के सदस्यों को लेकर निदेशालय पहुंचे थे।

घटना के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। सरकारी अधिकारी और कर्मचारी इस प्रकार की हिंसक घटना को लेकर आक्रोशित हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आरोपियों की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

निदेशक अजय कुमार नौडियाल ने मीडिया को बताया कि रायपुर ब्लॉक के अस्थल प्राथमिक विद्यालय के नाम परिवर्तन को लेकर विधायक और उनके समर्थक निदेशालय आए थे। उन्होंने बताया कि विद्यालय के नाम परिवर्तन का प्रस्ताव शासन स्तर पर भेजा जा चुका है, लेकिन इसी मुद्दे को लेकर हाथापाई की गई।

निदेशक के अनुसार, घटना के दौरान विधायक भी मौके पर मौजूद थे और हंगामा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पुलिस को शिकायत दी जा रही है और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।