देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (संगठन) सूर्यकांत धस्माना ने राज्य सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा सरकार जनसरोकारों से जुड़े हर मोर्चे पर विफल रही है और अब 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए अर्बन नक्सल’ के जुमले के पीछे छिपने का प्रयास कर रही है।

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में धस्माना ने कहा कि यदि राज्य में वास्तव में अर्बन नक्सल गैंग सक्रिय है तो सरकार जनता को बताए कि उसका सरगना कौन है और क्या इस विषय की जानकारी केंद्र सरकार को दी गई है।

उन्होंने कहा कि जब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दावा किया है कि देश से नक्सलवाद लगभग समाप्त हो गया है, तो उत्तराखंड में अर्बन नक्सल की नई परिस्थिति पर केंद्र की क्या भूमिका है, यह स्पष्ट होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि सीमावर्ती राज्य उत्तराखंड की सीमाएं चीन, तिब्बत और नेपाल से लगती हैं, इसलिए यदि अर्बन नक्सल जैसी स्थिति यहां उत्पन्न हुई है तो यह अत्यंत गंभीर मामला है। धस्माना ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के पास अब जनता को दिखाने के लिए कोई उपलब्धि नहीं बची, इसलिए वह जुमलों का सहारा ले रही है।

उन्होंने कहा कि बेरोजगारी चरम पर है, और सरकार फर्जी आंकड़ों से जनता को भ्रमित कर रही है। कांग्रेस ने मांग की है कि सरकार पिछले चार वर्षों में नियुक्त किए गए कर्मचारियों का विभागवार श्वेत पत्र जारी करे। धस्माना ने यह भी कहा कि उपनल कर्मचारियों के नियमितीकरण के मामले में सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों पर सरकार ने एक साल बाद भी अमल नहीं किया है।

उन्होंने राज्य में महिलाओं पर अत्याचार, कानून व्यवस्था की बदहाली, स्वास्थ्य और शिक्षा तंत्र की गिरती हालत पर भी चिंता जताई। धस्माना ने कहा कि भाजपा सरकार हर क्षेत्र में नाकाम रही है और अब काल्पनिक मुद्दों से जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है।

पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेता अमरजीत सिंह, दिनेश कौशल और विपुल नौटियाल भी मौजूद रहे।