देहरादून। कैबिनेट विस्तार के बाद बुधवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की पहली बैठक सचिवालय में आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत में मुख्यमंत्री ने नव नियुक्त मंत्रियों का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और राज्य के विकास कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भेजे गए शुभकामना संदेश की जानकारी मंत्रिमंडल को दी। मुख्य सचिव ने प्रधानमंत्री का संदेश पढ़कर सुनाया, जिसमें राज्य सरकार के कार्यों की सराहना की गई।
सूत्रों के अनुसार, इस महत्वपूर्ण बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, शहरी विकास, उद्योग और कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की जा रही है। माना जा रहा है कि इन क्षेत्रों से संबंधित कई अहम फैसलों पर कैबिनेट मुहर लगा सकती है, जो राज्य के विकास और प्रशासनिक व्यवस्था को नई दिशा देंगे।
कैबिनेट विस्तार के बाद यह पहली बैठक होने के कारण इसे खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सरकार के आगामी एजेंडे और प्राथमिकताओं को लेकर भी इस बैठक में रणनीति तय की जा सकती है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह बैठक राज्य में विकास कार्यों की गति तेज करने और जनहित से जुड़े मुद्दों के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।
