देहरादून। उत्तराखंड में कैबिनेट विस्तार के बाद अब धामी सरकार ने नेताओं को दायित्व सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। शुक्रवार को विभिन्न आयोगों, परिषदों और समितियों में 14 नेताओं की नियुक्ति की गई। इस संबंध में गृह एवं गोपन सचिव शैलेश बगौली की ओर से आदेश जारी किए गए।
जारी सूची के अनुसार, देहरादून के कुलदीप सुटोला को राज्य स्तरीय खेल परिषद का अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि नैनीताल के ध्रुव रौतेला को मीडिया सलाहकार समिति का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। चंपावत की हरिप्रिया जोशी को राज्य महिला आयोग में सदस्य, टिहरी के विनोद सुयाल को राज्य युवा कल्याण सलाहकार परिषद में शामिल किया गया है। वहीं, चंपावत के मुकेश महराना को चाय विकास सलाहकार परिषद में स्थान मिला है।
इसके अलावा, देहरादून की चारु कोठारी को राज्य निर्माण आंदोलनकारी सम्मान परिषद में, चमोली के प्रेम सिंह राणा को जनजाति आयोग में और टिहरी के खेम सिंह चौहान को ओबीसी कल्याण परिषद में जिम्मेदारी दी गई है। टिहरी की सोना सजवाण को जड़ी-बूटी सलाहकार समिति में तथा अल्मोड़ा के गोविंद पिलखवाल को हथकरघा एवं हस्तशिल्प विकास परिषद में शामिल किया गया है।
देहरादून के बलजीत सोनी को अल्पसंख्यक आयोग और काशीपुर की सीमा चौहान को मत्स्य विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके अलावा वरिष्ठ भाजपा नेता भावना मेहरा और अशोक वर्मा को भी अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करेंगे।
