देहरादून। राजधानी देहरादून के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सहस्त्रधारा में रविवार सुबह नहाने के दौरान दिल्ली का एक पर्यटक तेज पानी के बहाव की चपेट में आकर बह गया। सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कई घंटे की तलाश के बाद पर्यटक का शव घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर पांडव वाला पुल के पास बरामद किया गया।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह आपदा कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि सहस्त्रधारा क्षेत्र में स्नान करते समय एक व्यक्ति अचानक तेज बहाव में बह गया है। सूचना मिलते ही सहस्त्रधारा पोस्ट से एसडीआरएफ की टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने परिजनों से घटना की जानकारी लेने के बाद नदी के संभावित बहाव वाले क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया।
एसडीआरएफ जवानों ने सहस्त्रधारा झरने से नीचे की ओर नदी के विभिन्न हिस्सों में खोजबीन की। लगातार प्रयास के बाद करीब दो किलोमीटर दूर पांडव वाला पुल के पास शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान नौथ राम, उम्र करीब 50 वर्ष, निवासी दिल्ली के रूप में हुई है।
मानसून के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण नदियों और झरनों का जलस्तर बढ़ने के साथ बहाव भी तेज हो जाता है। ऐसे में पर्यटकों से लगातार अपील की जाती है कि वे नदी और झरनों में उतरते समय विशेष सावधानी बरतें और तेज बहाव वाले स्थानों से दूरी बनाए रखें। घटना के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
