देहरादून। देहरादून के वसंत विहार क्षेत्र से लापता युवक दिगंबर धीमान (28) की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया है कि नशे में हुए विवाद के दौरान उसके चार दोस्तों ने बेसबॉल बैट से हमला कर उसकी हत्या कर दी और पकड़े जाने के डर से शव को हरिद्वार के चिड़ियापुर जंगल क्षेत्र में रेत में दबा दिया। पुलिस ने शव बरामद कर लिया है और शव ठिकाने लगाने में मदद करने वाले टैक्सी चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि चार मुख्य आरोपी फरार हैं।

पुलिस के अनुसार, दिगंबर धीमान 9 फरवरी को घर से निकला था और वापस नहीं लौटा। उसके पिता संतराम धीमान ने 11 फरवरी को वसंत विहार थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच में पता चला कि दिगंबर उसी दिन पॉक्सो मामले में कोर्ट में पेशी के लिए गया था और शाम को अपने दोस्तों के साथ पार्टी करने चला गया था।

पुलिस ने दिगंबर के मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) की जांच की, जिससे पता चला कि उसके कुछ दोस्त भी उसी समय गायब थे। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर संदिग्ध टैक्सी चालक राजनंदन को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि आरोपियों ने एक युवक के शव को कंबल में लपेटकर उसकी टैक्सी से हरिद्वार ले जाकर रेत में दबा दिया था।

एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि टैक्सी चालक की निशानदेही पर चिड़ियापुर के जंगलों से शव बरामद कर लिया गया है। घटना रेसकोर्स स्थित सी-ब्लॉक के एक कमरे में हुई थी, जहां पुलिस को खून के धब्बे और अन्य साक्ष्य मिले हैं। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं।

गौरतलब है कि दिगंबर धीमान पर वर्ष 2021 में नाबालिग से यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज था, जिसमें उसे जमानत मिली हुई थी। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

You missed