देहरादून। उत्तराखंड की प्रसिद्ध लोकगायिका प्रियंका मेहर के हाल ही में रिलीज हुए गीत ‘स्वामी जी प्लीज’ को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। जोशीमठ के ब्लॉक प्रमुख अनूप सिंह नेगी ने गीत के कुछ हिस्सों पर आपत्ति जताते हुए प्रियंका मेहर को औपचारिक नोटिस जारी किया है।
नेगी का आरोप है कि गीत में उर्गम घाटी से जुड़ी बातों को भ्रामक और गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है, जिससे स्थानीय लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि उर्गम घाटी का विशेष आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। ऐसे में उसके बारे में गलत जानकारी देना या गलत संदर्भ दिखाना दुष्प्रचार की श्रेणी में आता है। उन्होंने कलाकारों से अपेक्षा जताई कि वे किसी भी सांस्कृतिक या धार्मिक स्थान का उल्लेख करते समय तथ्यों की सत्यता की जांच जरूर करें।
विवाद फैलने के बाद प्रियंका मेहर ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि न तो उन्होंने इस गीत को लिखा है और न ही वह विवादित लाइन उनकी आवाज में है। इसके बावजूद हर जगह उनका नाम गलत तरीके से जोड़ा जा रहा है, जिससे उनकी छवि को नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि विवाद के बीच उनकी व्यक्तिगत जानकारी इंटरनेट पर प्रसारित की जा रही है, जिससे उन्हें असहजता और परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। जहां एक ओर कुछ लोग धार्मिक भावनाओं के उल्लेख में सावधानी बरतने की बात कह रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कई लोग प्रियंका मेहर के समर्थन में उतरकर कलाकारों को अनावश्यक विवादों में न घसीटने की अपील कर रहे हैं।
