प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त दो पार्टी नेताओं को जहां कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है वहीं पाबौ ब्लाक अध्यक्ष को तत्काल प्रभाव से कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से 6 साल के लिए निष्कासित किया गया है।
पाबौ ब्लाक अध्यक्ष को कांग्रेस ने किया पार्टी से बाहर
कांग्रेस ने पौड़ी गढ़वाल के पाबौ ब्लाक अध्यक्ष को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया है। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष संगठन और प्रशासन सूर्यकान्त धस्माना ने बताया कि पाबौ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुधीर रावत द्वारा पार्टी समर्थित उम्मीदवार की खिलाफत करते हुए विपक्षी उम्मीदवार के रूप में कनिष्ठ प्रमुख के लिए न केवल अपना नामांकन करवाया गया।
बल्कि ब्लॉक प्रमुख चुनाव में पार्टी समर्थित प्रत्याशी का विरोध कर कांग्रेस पार्टी ही नहीं स्थानीय जनता और कांग्रेसजनों की भावनाओं के साथ भी खिलवाड़ कर धोखा दिया गया है। जिसके चलते उन्हें पार्टी से पांच साल के लिए निष्कासित कर दिया गया है।
दो को किया कारण बताओ नोटिस जारी
सूर्यकांत धस्माना ने बताया कि प्रदेश सचिव दीपक असवाल और पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष तारा नेगी द्वारा पार्टी के समर्थित उम्मीदवार के खिलाफ चुनाव में प्रतिभाग किया जा रहा है। जिसे कांग्रेस नेतृत्व ने गंभीरता से लेते हुए उन्हें नोटिस जारी करते हुए तीन दिन के भीतर अपना स्पष्टीकरण देने को कहा गया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी एक अनुशासित संगठन है तथा इसमें यदि अनुशासनहीनता होती है तो उसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही जो भी पार्टी अनुशासन की लाईन पार करेगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।