देहरादून। उत्तराखंड में आगामी चारधाम यात्रा की तैयारियां तेज हो गई हैं। यात्रा के लिए पंजीकरण प्रक्रिया छह मार्च से प्रारंभ होगी और इसके लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। यह जानकारी पर्यटन विभाग ने दी है।
चारधाम यात्रा के अंतर्गत केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को खोले जाएंगे, जबकि बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को खुलेंगे। वहीं गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम के कपाट परंपरागत रूप से अक्षय तृतीया के दिन खुलते हैं, जो इस वर्ष 19 अप्रैल को है। हालांकि इन दोनों धामों के कपाट खुलने की औपचारिक घोषणा अभी शेष है।
मुख्य सचिव की अध्यक्षता में तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की जा चुकी है। लोक निर्माण विभाग के सचिव ने यात्रा मार्गों का निरीक्षण भी किया है। सचिव पर्यटन धीराज सिंह गर्ब्याल ने बताया कि प्रारंभ में ऑनलाइन पंजीकरण होगा, जबकि यात्रा शुरू होने पर ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने स्पष्ट किया कि पंजीकरण पूरी तरह निःशुल्क रहेगा।
