नई दिल्ली। राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है। दिल्ली विधानसभा को लगातार दूसरे दिन बम से उड़ाने की धमकी मिली है। बुधवार को विधानसभा स्पीकर के ओएसडी को एक धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं।
सूचना मिलते ही पुलिस, डॉग स्क्वाड और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा और पूरे परिसर की गहन तलाशी ली गई। हालांकि, जांच के दौरान अब तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। इससे पहले मंगलवार को भी बजट पेश होने से ठीक पहले इसी तरह का धमकी भरा ईमेल भेजा गया था, जिसमें विधानसभा भवन के साथ-साथ नजदीकी मेट्रो स्टेशन को उड़ाने की बात कही गई थी।
बताया जा रहा है कि धमकी भरे ईमेल में देश के कई शीर्ष नेताओं का भी उल्लेख किया गया था, जिससे मामला और गंभीर हो गया। पुलिस और साइबर सेल इस ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी हैं।
इसी बीच, हरियाणा के गुरुग्राम में भी एक स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिली। बलियावास स्थित पाथवे वर्ल्ड स्कूल में बुधवार को आई कॉल के बाद हड़कंप मच गया। एहतियात के तौर पर स्कूल को तुरंत खाली कराया गया और छात्रों व शिक्षकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
पुलिस और बम निरोधक टीम ने पूरे स्कूल परिसर की तलाशी ली, लेकिन यहां भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। अधिकारियों का कहना है कि धमकी की कॉल की जांच जारी है और साइबर सेल को भी सक्रिय कर दिया गया है।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में ईमेल और कॉल के जरिए इस तरह की धमकियों की घटनाएं बढ़ी हैं, हालांकि ज्यादातर मामलों में ये अफवाह या शरारत ही साबित हुई हैं।
