देहरादून। राजधानी देहरादून एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय आइस स्पोर्ट्स प्रतियोगिता की मेजबानी के लिए तैयार है। एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी-2026 का आगाज आज, 17 अगस्त से हो रहा है। प्रतियोगिता 20 अगस्त तक महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्थित हिमाद्री आइस रिंक में आयोजित की जाएगी। भारत में लगातार दूसरी बार इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का आयोजन हो रहा है।
प्रतियोगिता में भारत समेत कुल 14 एशियाई देशों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इनमें हांगकांग, थाईलैंड, वियतनाम, फिलीपींस, सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया, मंगोलिया, मलेशिया, चीनी ताइपे, इंडोनेशिया, उज्बेकिस्तान, चीन और दक्षिण कोरिया शामिल हैं। बड़ी संख्या में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों और तकनीकी अधिकारियों की मौजूदगी के चलते इसे भारत में आयोजित होने वाली प्रमुख शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग प्रतियोगिताओं में से एक माना जा रहा है।
प्रतियोगिता से पहले रविवार को विभिन्न देशों के खिलाड़ियों ने हिमाद्री आइस रिंक में अभ्यास किया। चार दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में खिलाड़ी शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग की विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा और रफ्तार का प्रदर्शन करेंगे।
इस आयोजन से देहरादून की पहचान अंतरराष्ट्रीय आइस स्पोर्ट्स के प्रमुख केंद्र के रूप में और मजबूत होने की उम्मीद है। साथ ही, भारतीय खिलाड़ियों को दुनिया के मजबूत स्केटरों के साथ प्रतिस्पर्धा करने और अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव हासिल करने का महत्वपूर्ण अवसर मिलेगा।
