नैनीताल। नैनीताल में यातायात नियमों के उल्लंघन और वीआईपी कल्चर दिखाना उत्तर प्रदेश के एक भाजपा विधायक के बेटे को महंगा पड़ गया। मालरोड पर जाम के दौरान बिना अनुमति हूटर बजाने और प्रशासन से बहस करने पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए वाहन को सीज कर दिया।
जानकारी के अनुसार, राजेंद्र पटेल के पुत्र राहुल पटेल इन दिनों नैनीताल घूमने आए हुए थे। सोमवार को वह अपनी सफेद रंग की एसयूवी से मालरोड से गुजर रहे थे, तभी उनकी गाड़ी जाम में फंस गई। इस दौरान उन्होंने बिना किसी आपात स्थिति के वाहन में लगा हूटर बजाना शुरू कर दिया।
मौके पर मौजूद एसडीएम ने हूटर की आवाज सुनकर वाहन को रुकवाया और पूछताछ की। आरोप है कि गलती स्वीकार करने के बजाय राहुल पटेल ने पिता के पद का हवाला देते हुए अधिकारियों और पुलिसकर्मियों से बहस शुरू कर दी। उन्होंने कथित तौर पर कहा, “क्या तुम नहीं जानते कि मेरे पिता विधायक हैं?”
इस दौरान सड़क पर कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई और जाम और बढ़ गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान काटते हुए वाहन को मौके पर ही सीज कर दिया।
एसआई सुनील कुमार के मुताबिक, फॉर्च्यूनर (UP33-V-0003) को नियमों के उल्लंघन पर सीज किया गया है और वाहन स्वामी के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई है। वाहन को छुड़ाने के लिए अब संबंधित पक्ष को कानूनी प्रक्रिया का पालन करना होगा।
प्रशासन की इस कार्रवाई को नैनीताल में वीआईपी कल्चर के खिलाफ कड़ा संदेश माना जा रहा है।
