रुद्रपुर। रुद्रपुर के कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत महेशपुर गांव में होली के दिन एक 18 वर्षीय युवती संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर लटकी मिली। परिजन उसे तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद अस्पताल में तैनात पीआरडी जवानों और परिजनों के बीच शव को लेकर तीखी नोकझोंक भी हुई।

जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर महेशपुर गांव में युवती का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। जब परिजन कमरे में पहुंचे तो यह दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। आसपास के लोगों की मदद से युवती को फंदे से नीचे उतारा गया और तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने तक उसकी मौत हो चुकी थी और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि अस्पताल में तैनात पीआरडी जवानों ने शव को अस्थायी मोर्चरी में रखवा दिया था। इसी बीच पुलिस के पहुंचने से पहले ही परिवार के लोग शव को बिना पोस्टमार्टम कराए घर ले जाने लगे। इस पर पीआरडी जवानों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिससे दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। इसके बाद परिजन शव को लेकर घर चले गए।

घटना की सूचना मिलने पर दरोगा चंदन बिष्ट और कांस्टेबल कृष्ण गांव पहुंचे। उन्होंने परिजनों से जानकारी लेने के बाद शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी पहुंचाया। इसके बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई और शव परिजनों को सौंप दिया।

पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती को उसकी मां ने किसी बात पर डांट दिया था। इसी बात से नाराज होकर उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।