हरिद्वार। हरिद्वार के बहादराबाद क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में युवक द्वारा खुद को गोली मारकर आत्महत्या करने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश के फैजाबाद निवासी एक युवती इन दिनों जमालपुर क्षेत्र स्थित राम वाटिका में रहकर एक फैक्ट्री में काम कर रही है। युवती ने गैस प्लांट चौकी पहुंचकर शिकायत दी कि उसके गांव का रहने वाला सुजीत वर्मा जमालपुर चौक के पास मिला और उससे विवाद करने लगा। आरोप है कि युवक ने उसके साथ मारपीट की, मोबाइल फोन छीन लिया और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और युवक के मोबाइल नंबर के आधार पर उसकी लोकेशन ट्रेस की गई। पुलिस टीम पीछा करते हुए बहादराबाद स्थित इंडियन बॉटलिंग प्लांट के पास पहुंची, जहां बाउंड्री वॉल के पीछे एक खाली मैदान में युवक का शव पड़ा मिला। मौके पर एक पिस्टल भी बरामद की गई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक ने अपनी कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। युवती से विवाद, मारपीट और धमकी के साथ-साथ युवक के आत्मघाती कदम के बीच संबंधों को खंगाला जा रहा है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि युवक के पास अवैध हथियार कहां से आया।
