देहरादून। देहरादून के क्लेमेंटटाउन क्षेत्र के कृष्णा विहार में एक युवक और युवती के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा शुरू हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट तक पहुंच गया।
विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ने एक-दूसरे पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस दौरान युवक के गले में और युवती के हाथ में चाकू लग गया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तुरंत उपचार के लिए दून अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में दोनों की सर्जरी चल रही है। डॉक्टरों के मुताबिक फिलहाल दोनों की हालत स्थिर है और उन्हें खतरे से बाहर बताया जा रहा है।
मामले की सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर मोहन सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और झगड़े के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
