चमोली। बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं को बेहतर और त्वरित स्वास्थ्य सुविधाएं देने की दिशा में एक बड़ी पहल सामने आई है। बदरीनाथ मास्टर प्लान के तहत तैयार किया जा रहा 45 बेड का आधुनिक अस्पताल अब निर्माण के अंतिम चरण में पहुंच गया है। चार मंजिला इस अस्पताल को सब-जिला अस्पताल के रूप में विकसित किया जा रहा है।

अस्पताल में मरीजों और तीर्थयात्रियों के लिए एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, ऑपरेशन थिएटर और आईसीयू जैसी आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा उपकरण पहुंच चुके हैं और उनके इंस्टॉलेशन का काम तेजी से चल रहा है। भवन में मरीजों और यात्रियों की सुविधा के लिए लिफ्ट की व्यवस्था भी की गई है।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कार्यदायी संस्था को अस्पताल भवन का निर्माण हर हाल में 31 अगस्त तक पूरा करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की ओर से निर्माण कार्य के साथ-साथ चिकित्सा उपकरणों की स्थापना की भी निगरानी की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक अस्पताल का संचालन जल्द शुरू होने की उम्मीद है।

वहीं, अक्टूबर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बदरीनाथ धाम पहुंचने का कार्यक्रम प्रस्तावित बताया जा रहा है। इसी संभावित दौरे के दौरान अस्पताल का उद्घाटन किए जाने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है।

बदरीनाथ धाम उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित है, जहां चारधाम यात्रा के दौरान हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऊंचाई के कारण कई यात्रियों को सांस लेने में परेशानी और ऑक्सीजन की कमी जैसी स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ता है। गंभीर मरीजों को अक्सर निचले क्षेत्रों में रेफर करना पड़ता है। आधुनिक अस्पताल शुरू होने के बाद धाम में ही बेहतर और त्वरित उपचार मिलने की उम्मीद है।

You missed