देहरादून। विकासनगर कोतवाली क्षेत्र के डाकपत्थर रोड पर शनिवार रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर दुकानों के बाहर घुस गई। कार की टक्कर से फास्ट फूड सेंटर का काउंटर, मिट्टी के दिए और बाहर खड़ी बाइकें क्षतिग्रस्त हो गईं। कार सवार युवक नशे में धुत थे और उन्होंने दुकानदारों व राहगीरों पर कांच की बोतलों से हमला कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार सवार जीवनगढ़ निवासी अंशुल चौहान और पहाड़ी गली निवासी केशव चावला घटना के बाद और आक्रामक हो गए। अंशुल चौहान ने शर्ट उतारकर राह चलते लोगों, दोपहिया व चारपहिया वाहन चालकों को रोक-रोककर पीटना शुरू कर दिया। करीब 15 लोग इस हिंसा में घायल हुए। फास्ट फूड संचालक संजय यादव की पत्नी रीना यादव, एक बुजुर्ग समेत कई लोगों को चोटें आईं।

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची चीता पुलिस से भी आरोपियों ने हाथापाई की। बाद में पहुंचे बाजार चौकी प्रभारी मयंक त्यागी की वर्दी पर लगे स्टार तक आरोपी ने नोच लिए। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को काबू कर चौकी लाया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए सीओ विकासनगर भास्कर लाल शाह समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।

रीना यादव और मंडी चौक निवासी चरणजीत की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों की चिकित्सकीय जांच भी कराई गई। घटना के बाद क्षेत्र में सांप्रदायिक तनाव की आशंका के चलते पुलिस सतर्क रही, हालांकि बाद में स्पष्ट हुआ कि आरोपी हिंदू हैं।

व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने घटना को कानून व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। एसपी देहात पंकज गैरोला ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।