पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ जिले के अस्कोट क्षेत्र के रसगाड़ी में शुक्रवार तड़के दर्दनाक हादसा हो गया। ओजपाली तोक में तड़के करीब चार बजे हुए भूस्खलन ने एक घर को पूरी तरह तबाह कर दिया। हादसे में भीतर सो रहे 22 वर्षीय भुवन जोशी की मलबे में दबकर मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सूचना के अनुसार, भूस्खलन के दौरान पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और बड़े बोल्डर नीचे लुढ़ककर ललित मोहन जोशी के मकान की छत व दीवारों को तोड़ते हुए भीतर घुस आए। उस समय घर के अंदर सो रहा भुवन जोशी मलबे में दब गया। परिजन और ग्रामीण भारी मात्रा में जमा मलबा हटाने में असमर्थ थे। इसके बाद ग्रामीणों ने राजस्व विभाग और पुलिस को घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही राजस्व टीम और पुलिस मौके पर पहुंची और घंटों की मशक्कत के बाद युवक को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। राजस्व विभाग ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से घर के ऊपर बनी क्षतिग्रस्त सिंचाई गूल से पानी का रिसाव हो रहा था, जिसके कारण धीरे-धीरे पहाड़ी कमजोर हो गई और भूस्खलन की स्थिति बनी। ग्रामीण एकता मंच के संयोजक तरुण पाल ने भी इस बात की पुष्टि की।

तहसीलदार पिंकी आर्या ने बताया कि मृतक के परिजनों को तत्काल सहायता राशि प्रदान की गई है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों ने सिंचाई गूल की मरम्मत और क्षेत्र में सुरक्षा उपायों को जल्द लागू करने की मांग की है।