सितारगंज। कच्चे आढ़तियों द्वारा धान की खरीद में कटौती तथा धान की खरीद बंद किए जाने से नाराज किसानों ने शुक्रवार को नई मंडी समिति के गेट पर ताला लगाकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया था। करीब 24 घंटे तक चले इस धरने का अंत शनिवार को अधिकारियों के हस्तक्षेप से हुआ।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को लगभग 200 धान से भरी ट्रॉलियां मंडी परिसर में खड़ी थीं। किसानों का आरोप था कि कच्चे आढ़तियों ने धान की खरीद पूरी तरह रोक दी है। उनका कहना था कि मनमाने तरीके से धान पर कटौती की जा रही है।

नमी और फफूंदी के साथ-साथ सात किलो प्रति क्विंटल की अतिरिक्त कटौती की जा रही है। स्थिति को संभालने के लिए शनिवार को आरएमओ लता मिश्रा मौके पर पहुंची। किसानों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का आश्वासन दिया।

आरएमओ लता मिश्रा ने किसानों को भरोसा दिलाया कि सोमवार से सभी किसानों की धान की तौल नियमित रूप से शुरू कराई जाएगी। वार्ता सफल रहने के बाद अधिकारियों और किसानों की मौजूदगी में मंडी समिति का गेट खोला गया। किसान नेता नवतेज पाल सिंह ने कहा कि प्रशासन ने इस बार सकारात्मक रुख अपनाया है, जिससे किसानों को राहत मिली है।

आरएमओ लता मिश्रा ने बताया कि लगभग 50 ट्रॉलियों की तौल हो चुकी है। करीब 140 ट्रॉलियों की तौल सोमवार तक पूरी कर ली जाएगी और शेष खरीद अगले सप्ताह तक संपन्न करा दी जाएगी।इस अवसर पर गुरमीत सिंह, अरविंद सिंह, हरजीत सिंह, दीप सिंह, अमरजीत, सुरनाम, लखविंद्र सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।