बदरीनाथ। उत्तराखंड के बदरीनाथ क्षेत्र से ग्लेशियर टूटने की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि कंचनगंगा नाले में कुबेर पर्वत की ओर से ग्लेशियर टूटकर नीचे आया। हालांकि राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
उपजिलाधिकारी चंद्रशेखर वशिष्ठ ने जानकारी दी कि ग्लेशियर और चट्टान का एक हिस्सा टूटकर नाले में गिरा है, लेकिन हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं। प्रशासन सतर्क है और क्षेत्र की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
यह पहली बार नहीं है जब बदरीनाथ क्षेत्र में ऐसी घटना हुई हो। इसी साल 28 फरवरी को भारत-चीन (तिब्बत) सीमा के पास माणा कैंप में भारी हिमस्खलन हुआ था, जिसमें निर्माण कार्य में लगे 55 मजदूर बर्फ में दब गए थे।
वहीं, वर्ष 2021 में चमोली के रैणी गांव में ग्लेशियर टूटने से आई भीषण आपदा में ऋषिगंगा नदी में आई बाढ़ से 206 लोगों की मौत हो गई थी।
फिलहाल प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सतर्क रहने की अपील की है।
