असम। असम में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को बड़ा झटका लगा है। पूर्व केंद्रीय मंत्री और चार बार सांसद राजेन गोहेन ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उनके साथ कुल 17 अन्य नेताओं ने भी पार्टी से अपना त्यागपत्र सौंपा।

राजेन गोहेन ने राज्य भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया को लिखे पत्र में कहा कि वे पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और सभी जिम्मेदारियों से तुरंत प्रभाव से हट रहे हैं।

इस्तीफे की वजह

सूत्रों के अनुसार, इस्तीफा देने वाले अधिकांश सदस्य ऊपरी और मध्य असम से हैं। पत्रकारों से बातचीत में गोहेन ने बताया कि उन्होंने यह कदम इसलिए उठाया क्योंकि पार्टी ने असम के लोगों से किए गए वादों को पूरा नहीं किया और स्थानीय समुदायों के साथ धोखा किया, जबकि बाहरी लोगों को राज्य में बसने की अनुमति दी गई।

राजेन गोहेन का राजनीतिक सफर

राजेन गोहेन ने 1999 से 2019 तक नागांव संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया और 2016 से 2019 तक रेल मंत्रालय में राज्य मंत्री रहे। भाजपा में रहते हुए वे पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। पेशे से वे चाय बागान मालिक हैं और कई अन्य क्षेत्रों में उनका राजनीतिक प्रभाव काफी मजबूत है। उनके इस्तीफे से भाजपा को असम में संभावित नुकसान हो सकता है।

भविष्य की राजनीति

असम में वर्तमान में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की भाजपा सरकार सत्ता में है। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा राज्य में जीत की हैट्रिक लगाने की कोशिश कर रही है।