देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की 114वीं बोर्ड बैठक बुधवार को गढ़वाल आयुक्त एवं प्राधिकरण अध्यक्ष आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में देहरादून-मसूरी क्षेत्र के सुनियोजित विकास से जुड़े करीब 25 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा के बाद नियमानुसार मंजूरी दी गई।
बैठक में लैण्ड पूलिंग योजना, पर्यटन, होटल, औद्योगिक भवन, रिटेल आउटलेट, प्रोफेशनल ऑफिस, आश्रम, हॉस्टल और रेस्टोरेंट जैसी विभिन्न विकास परियोजनाओं से जुड़े प्रस्ताव शामिल रहे। इन परियोजनाओं के स्वीकृत होने से क्षेत्र में निवेश, रोजगार और आधुनिक शहरी सुविधाओं के विस्तार को गति मिलने की उम्मीद है।
बैठक में विकासनगर क्षेत्र के कल्याणपुर, परगना पछवादून में एमडीडीए द्वारा लैण्ड पूलिंग योजना के तहत खरीदी गई भूमि के प्रथम चरण के लिए तैयार तलपट के भू-उपयोग में नियमानुसार निःशुल्क परिवर्तन के प्रस्ताव को भी आगे बढ़ाने की अनुमति दी गई।
बोर्ड ने सभी विकास परियोजनाओं में तकनीकी और नियामकीय मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि स्वीकृत प्रस्तावों पर पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ कार्रवाई की जाएगी।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि बोर्ड के फैसले देहरादून और मसूरी के संतुलित एवं नियोजित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं को गति मिलने से निवेश और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि स्वीकृत सभी प्रस्तावों पर नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में बोर्ड के सदस्य एवं प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अंत में अध्यक्ष आनंद स्वरूप ने सभी सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए बैठक समाप्ति की घोषणा की।
