रूद्रपुर। उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर स्थित गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय परिसर में कक्षा पांच की 12 वर्षीय छात्रा से दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद पंतनगर पुलिस ने विश्वविद्यालय में कार्यरत 45 वर्षीय सुरक्षाकर्मी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार शाम छात्रा अपने घर के बाहर आंगन में खेल रही थी। इसी दौरान परिसर में तैनात सुरक्षाकर्मी जंग बहादुर कथित रूप से नशे की हालत में वहां पहुंचा और बच्ची को बहाने से अपने साथ सरकारी आवास के एक खंडहर में ले गया। आरोप है कि वहां उसने दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। कुछ स्थानीय लोगों ने आरोपी की संदिग्ध गतिविधि देखी और सुरक्षा विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने छात्रा को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया, हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी फरार हो गया।
पीड़िता के पिता की तहरीर पर शनिवार को मुकदमा दर्ज किया गया। छात्रा का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और मजिस्ट्रेट के समक्ष उसके बयान दर्ज कराए गए हैं। थाना प्रभारी नंदन सिंह रावत ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और रविवार को उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।
बताया जा रहा है कि आरोपी पीड़िता के परिवार के परिचितों में था और बच्ची उसे ‘अंकल’ कहकर बुलाती थी। घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में रह रहे परिवारों में गहरा आक्रोश है। अभिभावकों ने महिला और बाल सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
