दिल्ली। दिल्ली के बाहरी जिला क्षेत्र के पश्चिम विहार वेस्ट इलाके में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया। मां से अवैध संबंध के शक में एक युवक ने अपने रिश्ते के मामा की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
बाहरी जिला के पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह के अनुसार, मृतक की पहचान अमन कुमार (22) के रूप में हुई है। आरोपी रोहित (18) को शक था कि अमन और उसकी मां के बीच अवैध संबंध हैं। इसी संदेह के चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के मुताबिक, अमन दक्षिण दिल्ली के मदनगीर इलाके में अपने परिवार के साथ रहता था और अपने भाई सुमित कुमार के साथ कारपेंटर का काम करता था। शनिवार को वह अपनी बहन से मिलने निहाल विहार आया था। यहां से वह बहन को लेकर पश्चिम विहार जा रहा था।
इसी दौरान रास्ते में रोहित ने उसे रोक लिया। अमन कुछ समझ पाता, उससे पहले ही रोहित ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल अमन को तुरंत संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पश्चिम विहार वेस्ट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
