नई दिल्ली। राजधानी के बवाना इलाके में रविवार सुबह 24 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान पूठ खुर्द निवासी भूपेंद्र के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी. स्वामी ने बताया कि रविवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि बवाना क्षेत्र में राज वाटिका के पास एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि युवक को गोली मारी गई थी और वह गंभीर रूप से घायल था।

पुलिस उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में युवक की पहचान पूठ खुर्द निवासी भूपेंद्र के रूप में हुई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक के पिता बिजली कंपनी में कार्यरत हैं, जबकि भूपेंद्र फिलहाल बेरोजगार था। पुलिस को आशंका है कि युवक की हत्या आपसी रंजिश के चलते की गई हो सकती है। हालांकि, अभी हत्या के पीछे की असली वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।