रुद्रप्रयाग। मुख्य बाजार स्थित एक होटल में ठहरी एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। पुलिस प्रथम दृष्टया मामले को हत्या से जोड़कर जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार बीती रात हरियाणा से आए दो युवक और एक महिला रुद्रप्रयाग के मुख्य बाजार स्थित एक होटल में कमरा लेकर ठहरे थे। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह दोनों युवक कमरे की चाबी होटल स्वामी को देकर यह कहकर बाहर चले गए कि वे कुछ देर में वापस लौट आएंगे।
हालांकि देर शाम तक भी दोनों युवक वापस नहीं लौटे, जिससे होटल स्वामी को संदेह हुआ। इसके बाद उन्होंने खिड़की से कमरे के अंदर झांककर देखा तो महिला कमरे के भीतर संदिग्ध अवस्था में गिरी हुई दिखाई दी। यह देखकर होटल स्वामी ने तुरंत कोतवाली पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दरवाजा खोलकर कमरे की जांच की। जांच के दौरान महिला मृत अवस्था में मिली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया है, ताकि मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सके।
पुलिस के अनुसार महिला के साथ होटल में ठहरे दोनों युवक सुबह से ही फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है और आसपास के क्षेत्रों में भी जांच पड़ताल की जा रही है।
कोतवाली निरीक्षक सुरेश चंद्र बलूनी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। देर रात तक पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहन पड़ताल में जुटी रही।
