देहरादून। उत्तराखंड में पिछले 48 घंटों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्की बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है। शनिवार शाम को राजधानी देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी समेत गढ़वाल मंडल के कई पर्वतीय जिलों और कुमाऊं के कुछ क्षेत्रों में बूंदाबांदी दर्ज की गई।
शनिवार सुबह तक मौसम सामान्य बना रहा और धूप-छांव का दौर चलता रहा, लेकिन शाम होते-होते आसमान में बादल छा गए और तेज हवाएं चलने लगीं। इसके बाद कई क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। देहरादून में अधिकतम तापमान करीब चार डिग्री सेल्सियस तक कम हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी परिस्थितियों के प्रभाव से प्रदेश में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। विभाग ने देहरादून और उत्तरकाशी समेत कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटों के दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, बादलों की गर्जना, बिजली चमकने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग सतर्क हो गए हैं। आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और पर्वतीय क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। वहीं संबंधित जिलों के प्रशासन को संवेदनशील क्षेत्रों पर निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
