देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज फिलहाल शुष्क और ठंडा बना हुआ है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश या बर्फबारी की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। हालांकि, मैदानी इलाकों में घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 6 जिलों में कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक हरिद्वार, उधम सिंह नगर, देहरादून, नैनीताल, चंपावत और पौड़ी गढ़वाल के कुछ हिस्सों में सुबह और देर रात घना कोहरा छाने की संभावना है। कोहरे के कारण दृश्यता कम हो सकती है, जिससे सड़क यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। खासतौर पर राष्ट्रीय राजमार्गों और शहरी सड़कों पर सुबह के समय अतिरिक्त सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।
वहीं, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जैसे पर्वतीय जिलों में मौसम साफ रहने के आसार हैं, लेकिन ठंड का असर लगातार बना रहेगा। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सुबह और रात के समय कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है। तापमान में अगले 24 घंटों के दौरान किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। दिन के समय हल्की धूप निकलने से कुछ राहत मिल सकती है, लेकिन सुबह-शाम ठंड और कोहरा जारी रहेगा।
मौसम विभाग ने नए साल के मौके पर 30, 31 दिसंबर और 1 जनवरी को ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना भी जताई है। फिलहाल किसी सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव प्रदेश पर नहीं है, लेकिन आने वाले दिनों में कोहरा और ठंड लोगों के लिए चुनौती बने रह सकते हैं। IMD और प्रशासन ने वाहन चालकों को धीमी गति से वाहन चलाने, फॉग लाइट का उपयोग करने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी है।
