देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर रजत जयंती उत्सव का मुख्य समारोह 9 नवंबर को फॉरेस्ट रिसर्च इंस्टीट्यूट (एफआरआई) देहरादून में आयोजित होगा। इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधानसभा के विशेष सत्र के बाद एफआरआई पहुंचकर समारोह स्थल का निरीक्षण किया।
उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, सांस्कृतिक मंच, दर्शक दीर्घा और स्वागत तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम को भव्य, गरिमामय और सुव्यवस्थित तरीके से आयोजित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की उपस्थिति राज्य की 25 वर्षों की विकास यात्रा, संघर्ष और उपलब्धियों को नई दिशा देगी।
प्रदेश के सभी जिलों में भी राज्य स्थापना दिवस पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह रजत जयंती समारोह उत्तराखंड के गौरव, एकता और प्रगति का प्रतीक बनेगा।
