देहरादून। उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद शुक्रवार, 3 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने अंतिम मतदाता सूची को लेकर मीडिया को जानकारी दी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर एक जुलाई 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए प्रदेश में 8 जून से SIR अभियान शुरू किया गया था।

SIR अभियान शुरू होने के समय उत्तराखंड में कुल 79 लाख 60 हजार 762 मतदाता दर्ज थे। पुनरीक्षण के बाद जारी ड्राफ्ट मतदाता सूची में यह संख्या घटकर 71 लाख 33 हजार 785 रह गई थी। दावा-आपत्तियों के निस्तारण के बाद अब अंतिम सूची में कुल 71 लाख 58 हजार 949 मतदाताओं को शामिल किया गया है।

अंतिम मतदाता सूची के अनुसार प्रदेश में 37 लाख 37 हजार 701 पुरुष मतदाता हैं, जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 34 लाख 21 हजार 36 है। वहीं, 212 थर्ड जेंडर मतदाताओं के नाम भी सूची में दर्ज हैं। 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 72 हजार 656 युवा मतदाता भी अंतिम सूची में शामिल किए गए हैं।

पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान प्रदेश में 1 लाख 29 हजार 872 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए। वहीं, 1 लाख 4 हजार 708 नाम विभिन्न कारणों से हटाए गए हैं। राज्य में कुल 12 हजार 543 मतदान केंद्र हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. पुरुषोत्तम ने बताया कि जो पात्र लोग अभी भी मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं, वे फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए ECI Net App या संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि छूटे हुए मतदाताओं को सूची में जोड़ने के लिए विशेष कैंप भी लगाए जाएंगे।

BLO घर-घर जाकर ऐसे पात्र लोगों की पहचान करेंगे, जिनके नाम अभी मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं। इसके अलावा नाइट शेल्टर, लेबर कॉलोनी और बेघर लोगों के लिए भी विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। अंतिम मतदाता सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड की वेबसाइट और भारत निर्वाचन आयोग के मतदाता पोर्टल पर देखी जा सकती है।

You missed