देहरादून। उत्तराखंड भाजपा में संगठनात्मक गतिविधियां तेज हो गई हैं। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी प्रदेश से लेकर जिलास्तर तक संगठन की तैयारियों की समीक्षा में जुटी है। इसी क्रम में देहरादून में शुक्रवार को भाजपा की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। इसमें प्रदेश के सभी मंत्री, प्रदेश पदाधिकारी, जिला प्रभारी, सह प्रभारी और जिलाध्यक्ष शामिल हुए। भाजपा के प्रदेश प्रभारी राम माधव, सह प्रभारी बांसुरी स्वराज और अरविंद मेनन भी बैठक में शामिल होंगे।
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद राम माधव, बांसुरी स्वराज और अरविंद मेनन का यह उत्तराखंड में पहला विस्तृत संगठनात्मक प्रवास है। दो दिवसीय दौरे के दौरान तीनों नेता प्रदेश संगठन से लेकर जिलास्तर तक पार्टी की गतिविधियों और तैयारियों की जानकारी लेंगे। पहले दिन प्रदेश पदाधिकारियों और जिलाध्यक्षों के साथ बैठक में संगठन की मौजूदा स्थिति और जिलावार गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी।
बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर भी चर्चा होगी। संगठन की गतिविधियों को बूथ और मंडल स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और प्रदेश स्तर से तय कार्यक्रमों को जिलों तक प्रभावी तरीके से पहुंचाने से जुड़े विषयों पर फीडबैक लिया जाएगा। जिलाध्यक्षों से स्थानीय स्तर पर संगठन की स्थिति और सामने आ रही चुनौतियों की जानकारी भी ली जाएगी।
इसके बाद भाजपा के सातों मोर्चों की प्रदेश टीमों के साथ भी संवाद प्रस्तावित है। इसमें विभिन्न मोर्चों की संगठनात्मक गतिविधियों, उनकी भूमिका और आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर चर्चा होगी। पार्टी की नई प्रभारी टीम को प्रदेश संगठन के साथ सीधे संवाद के जरिए जमीनी स्थिति समझने का अवसर मिलेगा।
भाजपा ने हाल ही में राम माधव को उत्तराखंड का प्रदेश प्रभारी बनाया है, जबकि बांसुरी स्वराज और अरविंद मेनन को सह प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। वर्ष 2027 में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी संगठन को सक्रिय करने और चुनावी तैयारियों को गति देने में जुटी है।
दो दिवसीय प्रवास के दौरान मिलने वाले फीडबैक के आधार पर जिलों, विधानसभा क्षेत्रों और बूथ स्तर पर संगठन की तैयारियों को आगे बढ़ाने की दिशा तय की जाएगी।
