आगरा। अफगानिस्तान के विदेश मंत्री मौलवी आमिर खान मुत्ताकी का प्रस्तावित आगरा दौरा आखिरी समय में रद्द कर दिया गया। डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने बताया कि अफगान विदेश मंत्री का आगरा आने का कार्यक्रम रद्द हो गया है। फिलहाल उनके नए कार्यक्रम को लेकर कोई जानकारी नहीं मिली है।

विदेश मंत्री मौलवी आमिर खान मुत्ताकी रविवार सुबह देवबंद से आगरा पहुंचने वाले थे। उनके ताजमहल भ्रमण को लेकर पुलिस और प्रशासन ने विशेष सुरक्षा इंतजाम किए थे। सहारनपुर में हाल में हुई हिंसा के मद्देनज़र प्रशासन अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा था। ताजमहल परिसर और शिल्पग्राम क्षेत्र में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी।

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह 9 बजे मुत्ताकी का शिल्पग्राम पहुंचने का कार्यक्रम था और 11 से 12 बजे के बीच ताजमहल भ्रमण तय था। शहर मुफ्ती मजीद रूमी की अगुवाई में मुस्लिम समुदाय का एक प्रतिनिधिमंडल विदेश मंत्री से मिलने का इच्छुक था, लेकिन प्रशासन ने किसी को भी उनसे मिलने की अनुमति नहीं दी थी।

हालांकि, सुरक्षा और प्रशासनिक कारणों के चलते रविवार को अचानक उनका आगरा दौरा रद्द कर दिया गया। प्रशासन के अनुसार, अब तक उनकी यात्रा के नए कार्यक्रम को लेकर कोई आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है।