गैरसैंण विधानसभा सत्र से लौट रहे थराली विधायक भूपाल राम टम्टा के वाहन को गुरुवार को सिमली बैंड पर उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के कार्यकर्ताओं ने रोक दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने गैरसैंण को स्थायी राजधानी घोषित करने की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी की।

बताया जा रहा है कि विधानसभा सत्र के बाद जब विधायक भूपाल राम टम्टा का काफिला सिमली बैंड से गुजर रहा था, तभी पहले से मौजूद यूकेडी कार्यकर्ताओं ने उनकी गाड़ी को रोक लिया। कार्यकर्ता गैरसैंण को प्रदेश की स्थायी राजधानी बनाए जाने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे।

मौके पर मौजूद पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाया और विधायक के वाहन को सुरक्षित आगे रवाना कराया। कुछ देर तक मौके पर हल्की नोकझोंक का माहौल भी बना रहा।

यूकेडी युवा प्रकोष्ठ के केंद्रीय अध्यक्ष आशीष नेगी ने कहा कि गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन सरकार इस पर कोई ठोस निर्णय नहीं ले रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए प्रशासन की ओर से जगह-जगह बैरियर लगाए गए थे।

नेगी ने चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्द गैरसैंण को स्थायी राजधानी घोषित नहीं करती है, तो यूकेडी कार्यकर्ता विधायकों को यहां से जाने नहीं देंगे और आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

You missed