रामनगर कोतवाली पुलिस के हाथ नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कामयाबी लगी है। नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो महिला तस्करों को गिरफ्तार किया है। महिला तस्करों से 16 किलो गांजा बरामद किया गया है।
16 किलो गांजे के साथ दो महिला तस्कर गिरफ्तार
रामनगर पुलिस ने 16 किलो गांजे के साथ दो महिला तस्करों को गिरफ्तार किया है। कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने बताया कि पुलिस लंबे समय से क्षेत्र में नशे के कारोबार पर नजर रखे हुए थी। इसी क्रम में गर्जिया पुलिस चौकी इंचार्ज गगनदीप सिंह के नेतृत्व में एक पुलिस टीम गठित की गई। इसी टीम ने दोनों तस्करों को गिरफ्तार किया है।
काशीपुर की रहने वाली हैं दोनों महिला तस्कर
मिली जानकारी के मुताबिक मुखबिर से सूचना मिली थी कि मोहान रोड से होकर दो महिलाएं अवैध नशीला पदार्थ लेकर जा रही हैं। इस जानकारी पर पुलिस टीम सक्रिय हुई और रामनगर के मोहान रोड पर चेकिंग अभियान चलाया। इसी चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने दो महिलाओं को रोका और उनकी तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 16 किलो से अधिक गांजा मिला।