कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के नेतृत्व में अल्मोड़ा के सोमेश्वर में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं ने भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर तिरंगा शौर्य सम्मान यात्रा निकाली। तिरंगा यात्रा कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के सोमेश्वर स्थित आवास से शुरु होकर आजाद हिंद फौज के महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय हुकम सिंह बोरा के स्मृति स्मारक तक निकाली गई।
सोमेश्वर में निकाली गई तिरंगा यात्रा
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या की विधानसभा में आज तिरंगा शौर्य सम्मान यात्रा निकाली गई। इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर पूरी दुनिया के सैन्य इतिहास में एक मील का पत्थर साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का पहला देश है जिसनें एक परमाणु हथियार रखने वाले दुश्मन देश में 100 किलोमीटर अंदर तक जाकर आतंकवादी ठिकानों को इतनी सटीकता से निशाना बनाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की यह बहुत बड़ी सफलता है और इस पर हर देशवासी का सीना गर्व से चौड़ा हो गया है।
‘ऑपरेशन सिंदूर’ दुनिया के सैन्य इतिहास में मील का पत्थर
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के जरिए हमने पूरी दुनिया को संदेश दे दिया है कि हम आतंकवाद को किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे और जो भी आतंकी हमारे देश की बहन बेटियों के सिंदूर को उजाड़ने का कुत्सित प्रयास करेगा, हमारी सेनाएं उसे घर में घुसकर मिट्टी में मिला देंगी। यात्रा में पार्टी कार्यकर्ताओं के अलावा बड़ी संख्या में आम लोग भी शामिल हुए और रास्ते में लोगों ने फूल बरसा कर यात्रा का जोरदार स्वागत किया।
सड़क नवीनीकरण का मंत्री ने किया शिलान्यास
मंत्री रेखा आर्या ने अपने विधानसभा क्षेत्र सोमेश्वर में बागेश्वर-सोमेश्वर-द्वाराहट -रानीखेत मोटर मार्ग के नवीनीकरण कार्य का शिलान्यास किया। ये कार्य बिन्ता-सोमेश्वर-गिरीछीना प्रभाग के 30 किलोमीटर से 34 किलोमीटर और 45 से 48 किलोमीटर तक किया जाना है। बता दें कि इसकी अनुमानित लागत लगभग 189.22 लाख रुपए रहेगी।