रुड़की। रामनगर बाजार क्षेत्र में शनिवार शाम एक ट्रांसपोर्ट कारोबारी को पत्नी से छेड़खानी का विरोध करना भारी पड़ गया। तीन युवकों ने उसके साथ जमकर मारपीट की, जिससे उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, कृष्णानगर निवासी तुषार अरोड़ा पुहाना चौक पर ट्रांसपोर्ट का कारोबार करते हैं। शनिवार शाम वह अपनी पत्नी मोनिका अरोड़ा और बेटे के साथ रामनगर बाजार घूमने आए थे। इस दौरान वे लेबर चौक के पास फास्ट फूड खाने के लिए रुके। तभी बाइक सवार तीन युवक वहां पहुंचे और मोनिका पर फब्तियां कसने लगे। विरोध करने पर उन्होंने छेड़खानी शुरू कर दी।

मोनिका ने युवकों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने। इस पर तुषार अरोड़ा ने हस्तक्षेप करते हुए विरोध जताया। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर युवकों ने तुषार पर लात-घूंसों से हमला कर दिया। हमले में तुषार के सिर और मुंह पर गंभीर चोटें आईं और उन्हें कई टांके लगाने पड़े। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जुट गई, जिन्होंने किसी तरह उन्हें हमलावरों से छुड़ाया।

पीड़ित ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान आरोपी उसकी जेब से करीब डेढ़ लाख रुपये भी लूटकर फरार हो गए।

कोतवाली प्रभारी मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि वायरल वीडियो और तहरीर के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।