पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा बंगापानी–मदकोट मार्ग पर एन बैंड के पास हुआ, जब एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
जानकारी के अनुसार, रविवार को कुछ युवक इनोवा कार से मुनस्यारी की ओर जा रहे थे। जैसे ही वाहन बंगापानी से लगभग एक किलोमीटर पहले एन बैंड के पास पहुंचा, चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और कार गहरी खाई में गिर गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू किया।
मौके पर ही दो युवक लक्ष्मण सिंह नेगी पुत्र राम सिंह नेगी, मूल निवासी धूरातोली मुनस्यारी और वर्तमान में जीआईसी पिथौरागढ़ निवासी, तथा अंकित पांडे (27) पुत्र बसंत पांडे निवासी दौला, पिथौरागढ़ मृत पाए गए। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल आयुष पंत पुत्र नरेंद्र पंत और देवेश पंत, दोनों निवासी पिथौरागढ़, को पहले स्थानीय लोगों की मदद से निजी वाहनों से अस्पताल के लिए भेजा गया। बाद में उन्हें 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल पिथौरागढ़ के लिए रेफर किया गया।
हालांकि, रास्ते में अस्कोट के पास आयुष पंत ने भी दम तोड़ दिया। देवेश पंत का उपचार जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि मृतक लक्ष्मण सिंह नेगी भारतीय सेना की एएमसी में कार्यरत थे। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
