हल्द्वानी। हल्द्वानी के वनभूलपुरा क्षेत्र में रेलवे की जमीन पर अतिक्रमण से जुड़े मामले की सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान पूरे इलाके में तनावपूर्ण माहौल रहा। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी स्वयं मोर्चा संभालते हुए पूरे दिन कानून-व्यवस्था की निगरानी करते रहे।
प्रशासन ने क्षेत्र में पुलिस बल को दोगुना कर दिया है और पीएसी की एक कंपनी संवेदनशील स्थानों पर तैनात की गई है। कई थाना चौकियों से अतिरिक्त पुलिस फोर्स बुलाकर इलाके में तैनात की गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि शांति भंग करने वालों और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि वनभूलपुरा क्षेत्र में दो ड्रोन के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है, जबकि 30 से अधिक सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। पुलिस कंट्रोल रूम से इन सभी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त पुलिस बल को भी विकल्प के तौर पर तैयार रखा गया है और किसी भी तरह की अराजक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
यूनीवार्ता की रिपोर्ट के अनुसार, पूरे बनभूलपुरा इलाके को संवेदनशील घोषित कर पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है। अफवाहों पर नियंत्रण रखने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी की जा रही है। प्रशासन ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न दें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
सुप्रीम कोर्ट में हुई सुनवाई के बाद अगली तारीख तक क्षेत्र में निगरानी जारी रहेगी। पीएसी के जवानों की तैनाती बनी रहेगी, जबकि पूर्व में जेल जा चुके आरोपियों का पुनः पुलिस सत्यापन और हिस्ट्रीशीटरों की परेड कराने की भी योजना है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि पर त्वरित और कठोर कार्रवाई की जाएगी।
