देहरादून। देहरादून में तिब्बती मार्केट के सामने कारोबारी और टेनिस खिलाड़ी अर्जुन की हत्या के मामले का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। एसएसपी अजय सिंह ने प्रेसवार्ता में बताया कि इस सनसनीखेज हत्याकांड के पीछे मृतक की मां बीना शर्मा ही मास्टरमाइंड थी। उन्होंने बेटे की हत्या के लिए शूटरों को 12 लाख रुपये की सुपारी दी थी, जिसमें से तीन लाख रुपये अग्रिम रूप से दिए जा चुके थे।

पुलिस के अनुसार, बीना शर्मा ने करीब 25 दिन पहले ही बेटे की हत्या की साजिश रचनी शुरू कर दी थी और उसकी हर गतिविधि पर नजर रख रही थी। वह गैस एजेंसी के मैनेजर से अर्जुन की मूवमेंट की जानकारी भी लेती थी। विवाद की जड़ गैस एजेंसी के लोन और संपत्ति लेनदेन को लेकर थी।

एसएसपी ने बताया कि बीना ने जीएमएस रोड स्थित एक संपत्ति बेचकर करीब 14 करोड़ रुपये प्राप्त किए थे, जिसमें से आठ करोड़ रुपये उसने विनोद नामक व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर कर दिए। अर्जुन ने इसका विरोध किया, जिसके बाद मां ने उसकी हत्या की साजिश रची।

हत्याकांड के बाद पुलिस ने शूटर और उसके सहयोगी को अलग-अलग स्थानों पर मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया। रायपुर थाना क्षेत्र के लाडपुर जंगल और लालतप्पर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों को गोली मारकर गिरफ्तार किया। दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी है और उनका इलाज कोरोनेशन अस्पताल में चल रहा है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से दो देशी तमंचे और एक स्कूटी बरामद की है। पूछताछ में दोनों ने तिब्बती मार्केट के सामने अर्जुन की हत्या की बात कबूल की है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।