दिल्ली। ग़ाज़ियाबाद के साहिबाबाद क्षेत्र से मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। टीलामोड़ थाना क्षेत्र की भारत सिटी सोसायटी में रहने वाली तीन सगी नाबालिग बहनों ने कथित तौर पर नौवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में शोक और स्तब्धता का माहौल है।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात करीब पौने दो बजे तीनों बहनें चुपचाप अपने बिस्तर से उठीं। उन्होंने सो रही मां के गाल को चूमा और पिता से ‘आई लव यू’ कहने के बाद घर के मंदिर वाले कमरे में चली गईं। वहां उन्होंने दरवाजा भीतर से बंद कर लिया। कुछ ही देर बाद सोसायटी में नौवीं मंजिल से गिरने की तेज आवाज सुनाई दी, जिससे परिजन और आसपास के लोग घबरा गए। नीचे जाकर देखा गया तो तीनों बहनें मृत अवस्था में पड़ी थीं।

मृतक बहनों की उम्र क्रमशः 16, 14 और 12 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें किशोरियों ने लिखा है कि परिवार द्वारा कोरियन कल्चर, कोरियन गेम्स और ड्रामा देखने से रोके जाने के कारण वे मानसिक रूप से परेशान थीं। बताया गया है कि तीनों बहनें लंबे समय से मोबाइल फोन पर कोरियन गेम और सीरियल देखने की आदी थीं।

पुलिस के मुताबिक, कुछ दिन पहले ही पिता ने मोबाइल फोन की लत छुड़ाने के उद्देश्य से उनका मोबाइल छीन लिया था। इसी के बाद से तीनों बहनें तनाव में थीं। मंगलवार रात उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।

पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मोबाइल फोन, सुसाइड नोट और अन्य साक्ष्यों को कब्जे में लेकर मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।