पौड़ी। पौड़ी शहर के धारा रोड क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक दुकान के अंदर व्यापारी का शव मिला। घटना की जानकारी आसपास के व्यापारियों को उस समय हुई, जब उन्होंने सुबह एक दुकान खुली देखी और अंदर दुकानदार अचेत अवस्था में पड़ा पाया। कई बार आवाज देने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर उन्होंने तुरंत पौड़ी कोतवाली पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान 45 वर्षीय विजयानंद चमोली के रूप में हुई है, जो स्थानीय व्यापारी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
