देश आज बाल दिवस के अवसर पर स्वतंत्र भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ट्वीट कर नेहरू को याद किया और उनके देश निर्माण में योगदान को नमन किया।

पीएम मोदी ने लिखा, “पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू जी को उनकी जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि।” वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ट्वीट किया, “भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू जी की जयंती पर उन्हें सादर नमन।”

14 नवंबर भारतीय इतिहास में नेहरू के जन्मदिन के तौर पर दर्ज है। 1889 में उत्तर प्रदेश के तत्कालीन इलाहाबाद (अब प्रयागराज) में जन्मे पंडित नेहरू बच्चों से विशेष स्नेह रखते थे, जिस कारण बच्चे उन्हें प्यार से “चाचा नेहरू” कहकर बुलाते थे। उनके इसी लगाव के चलते 1964 में उनके निधन के बाद बाल दिवस मनाने की तारीख बदलकर 20 नवंबर से 14 नवंबर कर दी गई।

भारत सहित दुनिया के कई देशों में बाल दिवस अलग-अलग तिथियों को मनाया जाता है। कुछ देश 1 जून को यह दिवस मनाते हैं, जबकि कई राष्ट्र संयुक्त राष्ट्र की घोषणा के अनुरूप 20 नवंबर को बाल दिवस मनाते हैं। भारत में यह दिन बच्चों के अधिकारों, शिक्षा और उनके कल्याण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए समर्पित माना जाता है।