गैरसैंण। गैरसैंण में आयोजित उत्तराखंड विधानसभा का बजट सत्र पांचवें दिन देर रात करीब 12:30 बजे तक चला। लंबे विचार-विमर्श के बाद धामी सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए 1.11 लाख करोड़ रुपये से अधिक का बजट सदन में पारित कर दिया। बजट पारित होने के बाद विधानसभा सत्र को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सत्र के पहले दिन वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए 1,11,703.21 करोड़ रुपये का बजट पेश किया था। यह बजट वर्तमान वित्तीय वर्ष की तुलना में 10.41 प्रतिशत अधिक है। सरकार ने इस बजट को आत्मनिर्भर और विकसित उत्तराखंड के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए तैयार किया है। बजट में विकास के साथ संतुलित आर्थिक प्रबंधन पर जोर दिया गया है।
यह पहला अवसर था जब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वयं वित्त मंत्री के रूप में सदन में अपनी सरकार का बजट प्रस्तुत किया। बजट में राज्य की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने और विकास योजनाओं को गति देने पर विशेष फोकस रखा गया है।
सरकार का अनुमान है कि नए वित्तीय वर्ष में कुल 1,11,703.21 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त होगा। इसमें 67,525.77 करोड़ रुपये राजस्व प्राप्तियों से और 42,617.35 करोड़ रुपये पूंजीगत प्राप्तियों से मिलने का अनुमान है।
सरकार ने इस बजट को कर-मुक्त रखा है और इसमें किसी भी प्रकार के राजस्व घाटे का अनुमान नहीं लगाया गया है। हालांकि, वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए 12,579.70 करोड़ रुपये का राजकोषीय घाटा अनुमानित किया गया है।
बजट पारित होने के साथ ही विधानसभा का यह सत्र समाप्त हो गया और सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई।
