उत्तरकाशी। नवरात्र के शुभ अवसर पर गंगोत्री मंदिर समिति ने गंगोत्री धाम के कपाट खोलने की तिथि की घोषणा कर दी है। समिति के अध्यक्ष धर्मानंद सेमवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि अक्षय तृतीया के दिन 19 अप्रैल को शुभ लाभ बेला में दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर गंगोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।
कपाट खुलने से एक दिन पूर्व 18 अप्रैल को मां गंगा की शीतकालीन गद्दी स्थल मुखबा से भोगमूर्ति की डोली पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ गंगोत्री धाम के लिए रवाना होगी। डोली सेना के बैंड और ढोल-दमाऊ की धुनों के बीच दोपहर 12:15 बजे प्रस्थान करेगी। इस दौरान डोली का रात्रि विश्राम भैरव घाटी स्थित भैरव मंदिर में किया जाएगा।
इसके बाद 19 अप्रैल की सुबह 7 बजे डोली पुनः गंगोत्री धाम के लिए पैदल रवाना होगी। धाम पहुंचने पर विधि-विधान और पूजा-अर्चना के साथ कपाट खोलने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। कपाट खुलने के साथ ही अगले छह माह तक श्रद्धालु गंगोत्री धाम में दर्शन कर सकेंगे।
समिति के उपाध्यक्ष अरुण सेमवाल ने बताया कि इस वर्ष चारधाम यात्रा के दौरान मंदिर परिसर में गैर सनातनी लोगों के प्रवेश पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।
