रुड़की। शहर के डबल फाटक क्षेत्र स्थित एक होटल में युवक और युवती के शव मिलने से शुक्रवार को सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया। प्रारंभिक जांच में दोनों द्वारा किसी विषैले पदार्थ या कीटनाशक के सेवन की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार युवक और युवती ने बृहस्पतिवार शाम होटल में एक कमरा बुक कराया था। शुक्रवार सुबह होटल कर्मचारी नियमित सफाई के लिए कमरे पर पहुंचे और दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। कर्मचारियों ने उन्हें सोया हुआ समझकर वापस लौट गए। दोपहर करीब 12 बजे चेकआउट का समय होने पर दोबारा दरवाजा खटखटाया गया, लेकिन फिर भी कोई जवाब नहीं मिला।
स्थिति संदिग्ध लगने पर होटल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने होटल की दूसरी चाबी से कमरा खुलवाया। कमरे के भीतर युवक और युवती अचेत अवस्था में पड़े मिले। पुलिस ने तत्काल जांच शुरू करते हुए कमरे से मिले साक्ष्यों को कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने युवक की पहचान सागर निवासी नाथुखेड़ी के रूप में की है, जबकि युवती लंढौरा क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग की बात सामने आई है। आशंका व्यक्त की जा रही है कि पारिवारिक असहमति या अन्य निजी कारणों के चलते दोनों ने यह कदम उठाया हो।
सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
